एसीसी अदानी सीमेंट कंपनी की चिमनी से हो रहा सफ़ेद धुएं का उत्सर्जन।प्रदूषण नियंत्रण कानूनों को ताक पर रखकर अदानी एसीसी सीमेंट कैमोर द्वारा किया जा रहा सीमेंट का उत्पादन
कटनी।कैमोर नगर में स्थित एसीसी अडानी सीमेंट उद्योग की चिमनी से लगातार निकल रहे सफेद रंग के धुएँ ने क्षेत्र में प्रदूषण और स्वास्थ्य संकट की आशंका बढ़ा दी है। चिंताजनक तथ्य यह है कि फैक्ट्री परिसर से मात्र 50 मीटर की दूरी पर रिहायशी बस्ती स्थित है, जहाँ सैकड़ों लोग निवास करते हैं।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार चिमनी से निकलने वाला धुआँ स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जो कई बार हवा के साथ सीधे आवासीय क्षेत्र की ओर फैल जाता है। इसके कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कानून क्या कहते हैं?
पर्यावरण विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थिति कई पर्यावरणीय कानूनों और नियमों के उल्लंघन की ओर इशारा करती है:
वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1981 के तहत किसी भी उद्योग को ऐसा उत्सर्जन करने की अनुमति नहीं है जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित हो।
पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के अनुसार उद्योगों को यह सुनिश्चित करना अनिवार्य है कि उनके उत्सर्जन से मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण को कोई नुकसान न पहुँचे।
सीपीसीबी (केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड) के मानकों के अनुसार सीमेंट उद्योग से निकलने वाले धुएँ में दृश्य धूल (Visible Emission) नहीं होनी चाहिए।
उद्योग और रिहायशी क्षेत्र के बीच सुरक्षित दूरी (बफर जोन) बनाए रखना आवश्यक है, ताकि आम जनता पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि धुआँ नंगी आंखों से स्पष्ट दिखाई दे रहा है, तो यह फिल्टर सिस्टम (ESP/Bag Filter) की खराबी या नियमों की अनदेखी का संकेत हो सकता है।
स्थानीय लोगों में रोष
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कंपनी द्वारा प्रदूषण नियंत्रण मानकों का सख्ती से पालन नहीं किया जा रहा। लोगों ने प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से तत्काल निरीक्षण और वायु गुणवत्ता जांच की मांग की है ।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ।