✍राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक आयोजित, जिले में उद्योगों को बढावा देने उद्योगपतियों की मांगों एवं सुझावों पर हुई गहन चर्चा
कटनी – कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह चौहन और विभिन्न उद्योग संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र लमतरा में काफी दिनों से हो रही बिजली ट्रिपिंग की समस्या को एमपीईबी द्वारा समाधान किये जाने पर उद्योगपतियों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गयी।बैठक में एमपीआईडीसी द्वारा अवगत कराया गया कि औद्योगिक क्षेत्र लमतरा एवं अमकुही में नाली निर्माण का कार्य प्रारंभ किया जा चुका है। शीघ्र ही यह कार्य पूर्ण कर लिया जावेगा ।बैठक में कलेक्टर आशीष तिवारी ने म.प्र. लघु उद्योग निगम भोपाल से कोल इकाईयों की पूर्व से जमा अमानत राशि की वापसी के संबंध में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र की महाप्रबंधक ज्योति सिंह को पत्र लिखने के निर्देश दिये।
बैठक के दौरान उद्योगपतियों द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई की मांग पर कलेक्टर ने नगरनिगम को नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिये।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र बरगंवा को माधवनगर थाने के अंर्तर्गत रखे जाने की मांग की गयी। अभी म.प्र. लघु उद्योग संघ कटनी द्वारा औद्योगिक क्षेत्र बरगंवा को रंगनाथ एवं माधवनगर थाने के बीच बांटा गया है।बैठक में कटनी रेडीमेड वस्त्र निर्माण संघ द्वारा रेडीमेट गारमेंट क्लस्टर मल्टी गारमेंट क्लस्टर की जगह औद्योगिक क्षेत्र क्लस्टर बनाने की मांग की गयी। इस पर प्रस्ताव तैयार करने हेतु कलेक्टर श्री तिवारी ने सभी गारमेंट उद्यमियों से प्रस्ताव आमंत्रित करने के निर्देश दिये।कलेक्टर आशीष तिवारी ने औद्योगिक क्षेत्र बरगंवा और औद्योगिक क्षेत्र अमकुही से सुरभ पार्क से गुजरने वाली सड़क को बनाये जाने हेतु एस्टीमेट तैयार कराये जाने के निर्देश दिये। इसी प्रकार जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को लोकसेवा केन्द्र से जोड़ने वाली रोड बनाये जाने हेतु उद्योगपतियों की मांग पर कलेक्टर ने इस संबंध में एस्टीमेंट तैयार कराये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र टिकरिया तखला में रोड को गुणवत्ता के साथ निर्माण कराये जाने हेतु उद्योग विभाग एवं एमपीआईडीसी को निर्देशित किया।
बैठक में लघु उद्योग भारती कटनी द्वारा औद्योगिक क्षेत्र लमतरा में जहाँ-जहाँ बिजली के ट्रांसफार्मर लगाये गये है वहाँ पर नालियों के निर्माण कराये जाने की मांग के संबंध में एमपीआईडीसी के ईडी द्वारा कार्य काराये जाने हेतु आश्वत किया गया।
कलेक्टर ने ओडीओपी अंतर्गत आने वाले मार्बल एंड सेण्ड को बढावा देने हेतु इनके उपयोग हेतु एमपीटीसी, नगरीय प्रशासन एवं समस्त निर्माण विभागों को पत्र लिखे जाने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने विभिन्न उद्योग संघों एवं उद्योगपतियों से आयात-निर्यात को बढावा देने हेतु सुझाव मांगे।
जिले में शतरंज खेल को बढावा देने के लिए इस खेल की स्पॉन्सरशिप लेने हेतु कलेक्टर श्री तिवारी ने उद्योगपतियों को अवगत कराया।
औद्योगिक क्षेत्र लमतरा में रात्रि में गाडियों से डीजल चोरी रोकने हेतु कलेक्टर श्री तिवारी ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा से उचित कार्यवाही करने हेतु कहा। साथ ही कृषि उपज मंडी कटनी में भी होने वाली चोरियों के संबंध में कृषि उपज मंडी के सचिव को विस्तृत जानकारी से अवगत कराने के निर्देश दिये।।