रिपोर्टर अनिल कुमार सोनी
जनपद बहराइच के विकास खण्ड मिहींपुरवा अंतर्गत ग्राम पंचायत अंगनिगाव परसौना में जमीनी विवाद को लेकर दबंगों द्वारा की गई बर्बर मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर एक ही परिवार के लोगों को बेरहमी से पीटा, उन्हें घसीटते हुए घर से बाहर ले गए और सड़क पर छोड़ दिया। इसके बाद पीड़ितों की ज़मीन पर अवैध रूप से कब्ज़ा कर लिया गया।
पीड़ितों के अनुसार इस घटना में राजीव, निशा, मासूम अली, कमरुल निशा और फिरोजशाह सहित कुल चार से अधिक लोगों को गंभीर रूप से घायल किया गया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने किसी भी प्रकार की रहम नहीं दिखाई और खुलेआम अपनी दबंगई का प्रदर्शन किया।
घटना को अंजाम देने वालों में इदरीश, लतीफ, आतिफ, हाकिफ, शफीक और फूलजहां सहित एक ही परिवार के कई लोग शामिल बताए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबंगों ने पहले से चली आ रही रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया और अब भी उन्हें धमकाया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। सवाल यह उठता है कि क्या प्रशासन ऐसे दबंगों पर शिकंजा कसेगा या फिर ग्रामीण क्षेत्रों में इसी तरह दबंगई चलती रहेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि योगी सरकार में अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात की जाती है, ऐसे में देखना होगा कि बहराइच पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई कर दोषियों को सजा दिलवाती है।
फिलहाल पीड़ित न्याय की आस में पुलिस और प्रशासन के चक्कर काटने को मजबूर हैं।