इंडियन टीवी न्यूज
सुशील चौहान
जिला ब्यूरो चीफ
ग्रामोदय से ही संभव है प्रदेश का अभ्युदय–डॉ.श्याम सिंह कुमरे
सिवनी:अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के निर्देशानुसार संपूर्ण प्रदेश में “ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान” का क्रियान्वयन किया जा रहा है।इसी क्रम में विकासखंड लखनादौन में विकासखंड स्तरीय सम्मेलन के माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड समन्वयक रीता वर्मा श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया।कार्यक्रम में म.प्र.रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन एवं सेवानिवृत्त आईएएस डॉ.श्याम सिंह कुमरे मुख्य अतिथि तथा म.प्र.राज्यपाल सलाहकार संघ के संपर्क प्रमुख विक्रांत कुमरे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विकासखंड समन्वयक द्वारा अभियान की आवश्यकता एवं उद्देश्य पर जानकारी देते हुए बताया गया कि शासन की मंशानुसार ग्राम-ग्राम में योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।साथ ही नशामुक्ति जल संरक्षण पौधारोपण, स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने एवं ग्रामीणों को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।यह अभियान 30 जनवरी 2026 तक विकासखंड के समस्त ग्रामों में नवांकुर संस्थाओं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों एवं समाजकार्य विद्यार्थियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।
मुख्य अतिथि डॉ.श्याम सिंह कुमरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि जब तक प्रदेश का कोई भी व्यक्ति शासकीय योजनाओं से वंचित है तब तक योजनाओं का उद्देश्य पूर्ण नहीं हो सकता।जिस ग्राम में वंचित व्यक्ति है उस ग्राम का समुचित विकास संभव नहीं है।ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान इसी भावना के साथ प्रारंभ किया गया है विक्रांत कुमरे ने विद्यार्थियों को पेसा एक्ट के प्रति जागरूक होने एवं ग्रामीणों को इसके प्रावधानों की जानकारी देने का आह्वान किया।उन्होंने शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में सुधार हेतु सक्रिय सहभागिता पर बल दिया।इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में एसडीओ (पीसी) खटीक द्वारा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं वन विभाग से आदित्य सोनी द्वारा वन समितियों एवं बंधन विकास योजना उद्यानिकी विभाग से अंसारी द्वारा उद्यम योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रबंधक मोहन सिंह मरावी द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। समाजकार्य के विद्यार्थियों द्वारा अपने अनुभव एवं सफलता की कहानियाँ साझा की गईं। अध्यक्षीय उद्बोधन में राजश्री मेश्राम द्वारा महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए अनुशासन एवं समय प्रबंधन के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में अतिथियों को फलदार पौधे भेंट किए गए एवं उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय के समाजकार्य छात्र-छात्राएं, प्रस्फुटन समितियों के कार्यकर्ता एवं जन अभियान की टीम उपस्थित रही।