दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के अजीतमल विकासखंड के भदसान स्थित शैलेंद्र मेमोरियल एकेडमी में विज्ञान लोकप्रियकरण एवं संचार कार्यक्रम के तहत अंधविश्वास विरोधी वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर सोनभद्र जिले के दुद्धी विधानसभा क्षेत्र के धनौरा गांव निवासी शिक्षक जलज गुप्ता को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए अपर जिलाधिकारी द्वारा मोमेंटो व पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अंधविश्वासों के विरुद्ध वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करना था। जलज गुप्ता ने अपनी ‘भारत वैज्ञानिक सोच यात्रा’ के रोचक प्रयोगों व प्रस्तुतियों से छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों को विज्ञान के प्रति प्रेरित किया।
बता दे कि सोशल मीडिया पर ‘फिजिक्स पुजारी’ नाम से फेसबुक, इंस्टाग्राम व यूट्यूब पर सक्रिय जलज दुद्धी के डीसीएफ कॉलोनी में ‘पढ़ाई करो अकादमी’ संचालित कर बच्चों को ऑफलाइन शिक्षा भी दे रहे हैं। उनकी मुहिम को देखते हुए ही उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। सम्मान मिलने पर स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों व शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई ।