ब्यूरो चीफ सुंदरलाल जिला सोलन
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, 14 गोरखा प्रशिक्षण केंद्र, सुबाथू में आज ‘दादा-दादी दिवस’ बड़े हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य परिवार की नींव माने जाने वाले बुजुर्गों को सम्मानित करना तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की प्राचार्या महोदया ने सभी अतिथियों का औपचारिक स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बुजुर्गों का सान्निध्य और आशीर्वाद बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी दादा-दादी एवं नाना-नानी का कार्यक्रम में उपस्थित होने के लिए विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके अनुभव, संस्कार और स्नेह नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत हैं।
कार्यक्रम के दौरान बुजुर्ग अतिथियों के मनोरंजन हेतु विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें ‘युगल साड़ी पहनाने की प्रतियोगिता’ विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतियोगिताओं में सभी दादा-दादी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण आनंद और उल्लास से भर गया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा अनेक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। इनमें स्वागत नृत्य, स्वागत गान, रेट्रो डांस और हिमाचली लोकनृत्य प्रमुख रहे। विशेष रूप से हिमाचली लोकनृत्य की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया और खूब सराहना प्राप्त की।
इस अवसर पर कुछ बुजुर्गों ने अपने जीवन के प्रेरणादायक अनुभव साझा किए तथा बच्चों को जीवन मूल्यों और संस्कारों का महत्व बताया। उनके विचारों ने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या महोदया ने प्राथमिक विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया।
इस प्रकार यह कार्यक्रम पीढ़ियों के बीच भावनात्मक जुड़ाव और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने में पूर्णतः सफल रहा।