कैमोर। औद्योगिक नगरी कैमोर में इस वर्ष पनिहाई धाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बारात पनिहाई के मुख्य मार्ग से प्रारंभ होकर मंदिर परिसर पहुंची, जहां पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने भगवान का स्वागत किया।
बारात के आरंभ होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होने पहुंचे। आकर्षण का मुख्य केंद्र भूत-पिशाचों की टोली रही, जो शिव बारात में तांडव नृत्य करते हुए श्रद्धालुओं का मन मोहती नजर आई। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
बारात का समापन मंदिर परिसर में हुआ, जहां बाराती बने भक्तों का भव्य स्वागत कर प्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में मातृ शक्ति और युवा वर्ग की विशेष भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने अनुशासन और श्रद्धा के साथ आयोजन को सफल बनाया।
यह कार्यक्रम इंद्रानगर पनिहाई के तत्वावधान में संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने बताया कि भविष्य में इस आयोजन को और भी भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष भवानी राजा मिश्रा तथा अन्य युवाओं और नगरवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट।