दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव में बुधवार सुबह देवनारायण 42 पुत्र शिवलाल निवासी कटौली, का शव गांव के खदीहवा नाले के पास पेड़ से लटका हुआ मिला। मजदूरी कर परिवार पालने वाले देवनारायण की अचानक मौत से परिजन और ग्रामीणों में सनसनी फैल गई।
परिजनों के अनुसार मृतक मंगलवार देर रात गांव में बारात देखने निकले थे। रात भर घर न लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वे किसी परिचित के पास रुक गए होंगे। लेकिन सुबह तक कोई खबर न मिलने पर चिंता बढ़ गई। इसी बीच ग्रामीणों ने सूचना दी कि खदीहवा नाले के पास एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला है। आशंका पर पहुंची पत्नी और बच्चों ने शव की पहचान की।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान ने तत्काल दुद्धी कोतवाली पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया, ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की तथा पंचनामा भरकर शव को कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया।
मृतक के पांच बच्चे हैं जिसमें दो पुत्र व तीन पुत्रियां। पुलिस के अनुसार मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा।