नवीन आबकारी नीति वर्ष 2026-27 के अंतर्गत पन्ना जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला निष्पादन समिति द्वारा शराब दुकान समूहों के प्रथम चरण की प्रक्रिया संपन्न हुई ।
प्रथम चरण में शराब दुकानों के चार समूहों को निष्पादन हेतु शामिल किया गया था । जिसमें बृजपुर समूह, मोहन्द्रा समूह, सलेहा समूह और शाहनगर समूह शामिल थे । ई टेंडर कम ऑक्शन की प्रक्रिया में सलेहा और मोहन्द्रा समूह में कोई भी टेंडर नहीं प्राप्त हुए । जबकि बृजपुर समूह में ई टेंडर में 3 टेंडर जबकि ई टेंडर कम ऑक्शन में 6 टेंडर कुल 9 टेंडर प्राप्त हुए है । शाहनगर समूह में ई टेंडर में 1 टेंडर और ई टेंडर कम ऑक्शन में 3 टेंडर कुल 4 टेंडर प्राप्त हुए । बृजपुर समूह में निर्धारित आरक्षित मूल्य 16 करोड़ 39 लाख 85 हजार 562 रुपए के विरूद्ध सबसे ऊंची बोली 23 करोड़ 4 लाख 99 हजार 999 रुपए वर्तमान लायसेंसी द्वारा लगाई गई । जो निर्धारित मूल्य से लगभग 40.56% बढ़कर रहा। शाहनगर समूह में निर्धारित आरक्षित मूल्य 21 करोड़ 1 लाख 48 हजार 990 रुपए के विरूद्ध सबसे ऊंची बोली 24 करोड़ 57 लाख 99 हजार 999 रुपए वर्तमान लायसेंसी द्वारा लगाई गई । जो कि निर्धारित आरक्षित मूल्य से लगभग 17 प्रतिशत बढ़कर हुआ है। इस तरह दोनों समूहों पर निर्धारित आरक्षित मूल्य से 10 करोड़ 21 लाख 65 हजार 445 रुपए की वृद्धि होकर निष्पादित हुए है। इस निष्पादन प्रक्रिया में जिला निष्पादन समिति की अध्यक्ष कलेक्टर श्रीमती ऊषा परमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता नायडू और पदेन सचिव जिला आबकारी अधिकारी मुकेश कुमार मौर्य के साथ सहायक जिला आबकारी अधिकारी विवेक त्रिपाठी, आबकारी उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पाण्डेय, हरीश पाण्डेय, विक्रांत जैन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे ।
द्वितीय चरण हेतु दिनांक 5 मार्च 26 को खुलने वाले समूहों की विज्ञप्ति जारी की गई है। जिसमें तीन शराब दुकान समूहों का निष्पादन ई टेंडर कम ऑक्शन की ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से होगा। रेंडमाइजेशन में प्राप्त तीन समूह गुनौर समूह, पवई समूह और अजयगढ़ समूह है । गुनौर समूह में शराब दुकान गुनौर, बारछ और अमझिरिया है, जिसका आरक्षित मूल्य 23 करोड़ 13 लाख 46 हजार 307 रुपए है। पवई समूह में शराब दुकान पवई, कृष्णगढ़ और मुड़वारी शामिल है । जिसका आरक्षित मूल्य 27 करोड़ 14 लाख 54 हजार 821 रुपए है । अजयगढ़ समूह में शराब दुकान अजयगढ़, सिंहपुर, मडला, बरियारपुर और बनहरी कला शामिल है। जिसका आरक्षित मूल्य 22 करोड़ 4 लाख 65 हजार 254 रुपए है।
संवाददाता मानस अवस्थी रिपोर्ट पन्ना मध्य प्रदेश