फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। लंबे समय से हादसों के लिए बदनाम नेशनल हाईवे स्थित राधा-कृष्ण मंदिर कट पर अब अंडरपास बनाया जाएगा। स्थानीय छात्र की शिकायत के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने यहां अंडरपास निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
कस्बे के मोहल्ला अंसारी निवासी छात्र असद अंसारी ने कुछ समय पहले प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में शिकायत दर्ज कराई थी कि नेशनल हाईवे पर बने राधा-कृष्ण मंदिर कट और एएनए कट पर आए दिन हादसे होते हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा बना रहता है। शिकायत के बाद एनएचएआई ने जांच कर एएनए कट को बंद करा दिया था, लेकिन राधा-कृष्ण मंदिर कट को पूरी तरह बंद करने के बजाय वहां चेतावनी बोर्ड और संकेतक लगाकर छोड़ दिया गया था।
इसके बावजूद दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं सका। इस पर शिकायतकर्ता असद अंसारी ने दोबारा पीएमओ में शिकायत भेजी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए करीब 15 दिन पहले एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोबारा निरीक्षण किया।
इसके बाद एनएचएआई के पीआईयू मुरादाबाद कार्यालय की ओर से 6 मार्च 2026 को भेजे गए पत्र में शिकायतकर्ता को अवगत कराया गया कि यह कट चार लेन राजमार्ग के निर्माण के दौरान रियायतग्राही कंपनी द्वारा विकसित किया गया अधिकृत कट है। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर यहां रंबल स्ट्रिप्स, सोलर ब्लिंकर और चेतावनी संकेतक लगा दिए गए हैं।
प्राधिकरण ने बताया कि स्थल की गंभीरता को देखते हुए यहां अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। अब अंडरपास के निर्माण के लिए जल्द ही निविदा प्रक्रिया (टेंडर) पूरी की जाएगी। इसके बाद राधा-कृष्ण मंदिर कट पर अंडरपास निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अंडरपास बनने से न केवल हादसों पर लगाम लगेगी, बल्कि कस्बे और आसपास के गांवों के लोगों को हाईवे पार करने में भी बड़ी राहत मिलेगी।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली