दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह) कोतवाली क्षेत्र के जाबर गांव के पास रात के अंधेरे में एक बाइक सवार युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। संदीप कुमार यादव (25)पुत्र स्व. रामकेश यादव निवासी टेढ़ा, रामनवमी के दिन झारखंड से रिश्तेदारों से लौट रहे थे। जाबर गांव में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिससे संदीप को सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल संदीप किसी तरह घर पहुंचे, लेकिन दरवाजे पर ही बेहोश हो गए। परिजनों ने रात में ही उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया, जहां डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।जहां संदीप की शनिवार भोर करीब पांच बजे इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक के ढाई वर्षीय मासूम बेटे और तीन साल पहले हुई शादी को देखते हुए परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि छह साल पहले संदीप के पिता रामकेश की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो चुकी थी। छोटे से परिवार पर दोहरे कहर से पूरा इलाका सन्नाटे में डूब गया है।