कौशिक नाग – कोलकाता
भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. उनके नामांकन के मौके पर आये केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाजरा की सभा के मंच से तृणमूल कांग्रेस सरकार पर सीधा हमला बोला. उन्होंने बुधवार को मालदा में सात न्यायाधीशों को बंधक बनाने की घटना की भी कड़ी निंदा की. इस अवसर पर अमित शाह ने कहा- मैं पश्चिम बंगाल चुनाव के दौरान 15 दिनों तक बंगाल में रहूंगा. मैं आपसे बात करूंगा. मैं आज विशेष रूप से शुभेंदु अधिकारी के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने आया हूं. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को अलविदा कह दीजिए. गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- आज सुबह कुछ पत्रकारों ने फोन करके कहा कि बंगाल की जनता ममता बनर्जी को सत्ता से हटाना चाहती है. जनता किसी हाल में तृणमूल के गुंडों को जेल भेजना चाहती है. अमित शाह ने कहा कि उन्होंने जब पत्रकार से पूछा कि इसमें समस्या कहां है तो पत्रकार का कहना था कि टीएमसी के गुंडे उन्हें वोट नहीं डालने देंगे. अमित शाह ने कहा कि लोग निश्चिंत रहें, इस बार किसी गुंडे में मतदाताओं को रोकने की हिम्मत नहीं है. इस बार हमें बिना किसी डर के वोट डाला जायेगा. हमें सिर्फ तृणमूल को हराना ही नहीं है, बल्कि उसे जड़ से उखाड़ फेंकना है. अमित शाह ने कहा- मैं भवानीपुर के मतदाताओं से निवेदन करने आया हूं कि पूरा बंगाल ममता बनर्जी को विदाई देने के लिए तैयार है. पूरे बंगाल का बदलाव भवानीपुर की जनता पर निर्भर करता है. हम एक-एक सीट जीतेंगे, अगर हम 170 सीटें जीत लेते हैं, तो बदलाव आएगा, लेकिन मेरे पास एक आसान उपाय है. अगर भवानीपुर की जनता एक सीट जीत जाती है, तो पूरा बंगाल अपने आप बदल जाएगा. अमित शाह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का गठन होना आवश्यक है. पश्चिम बंगाल की सीमाओं को सील करना और बंगाल तथा देश से घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालना जरूरी है. अमित शाह ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से चुनाव लड़ना चाहते थे. मैंने कहा- सिर्फ नंदीग्राम ही नहीं, ममता के घर जाओ और उसे हराओ. शुभेंदु का रिकॉर्ड अच्छा है. पिछले चुनाव में ममता बनर्जी ने सरकार बनाई थी, लेकिन शुभेंदु अधिकारी से हार गयी थी. इस बार ममता जी पूरे बंगाल में हारेंगी और भवानीपुर में भी हारेंगी. भाजपा नेता ने कहा- बंगाल की जनता कवि के सपनों के स्वर्णिम बंगाल के निर्माण के लिए अथक परिश्रम कर रही है. भाजपा सरकार 5 मई को आ रही है. .