राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर ने शुक्रवार को जनपद पंचायत बहोरीबंद का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं और कक्षों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में स्वच्छता, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और समयबद्ध कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय को स्वच्छ रखें, आवश्यक अभिलेखों को रिकॉर्ड रूम में सुरक्षित संधारित करें तथा अनुपयोगी सामग्री को नियमानुसार हटाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनकर त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया। साथ ही शौचालयों और प्रसाधन गृह की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
सीईओ श्रीमती कौर ने मनरेगा, पंचायत, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने प्राथमिक शाला लखनवारा एवं आंगनबाड़ी केंद्र स्लीमनाबाद का भी औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का आकलन किया। बच्चों द्वारा संतोषजनक उत्तर देने पर उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए पेन और कॉपी वितरित की। साथ ही शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण अध्यापन के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत लखनवारा, स्लीमनाबाद, कोड़ियां एवं बहोरीबंद में भ्रमण के दौरान सीईओ ने राम जानकी बावड़ी जीर्णोद्धार, नाला शुद्धिकरण, खेत तालाब, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सामुदायिक भवन, ‘मां की बगिया’ एवं मुक्तिधाम जैसे कार्यों का निरीक्षण किया। बहोरीबंद में नाला शुद्धिकरण, हितग्राही भोला के खेत तालाब और प्रेमरानी की ‘मां की बगिया’ कार्य में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित उपयंत्री एवं ग्राम रोजगार सहायक को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार झा, मनरेगा परियोजना अधिकारी ऋषिराज चढ़ार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।