रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना|जिले के चारों अनुभागों में पांच स्थानों पर सख्त कार्रवाई कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ की अध्यक्षता में गत दिवस आयोजित जिला टास्क फोर्स समिति की बैठक के निर्देशों के अनुपालन में जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध व्यापक और सख्त कार्रवाई की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ, वनमण्डलाधिकारी श्री हरीश्चंद्र बघेल, जिला खनिज अधिकारी श्री सुखदेव कुमार निर्मल सहित राजस्व, वन, पुलिस एवं परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रत्येक घाट पर सतत निगरानी रखते हुए अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही की जाए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा भी स्पष्ट किया गया कि सभी कार्यवाही पूर्व समन्वय एवं योजना के साथ की जाए तथा आवश्यक होने पर कठोर वैधानिक प्रावधानों जैसे एनएसए एवं जिला बदर की कार्रवाई भी की जाएगी।
संयुक्त कार्रवाई का विस्तृत विवरण
टास्क फोर्स के निर्देशन में जिले के चारों अनुभागों के पांच चम्बल घाटों पर संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध रेत का विनिष्टीकरण किया गया—
अनुभाग मुरैना (राजघाट) — 03 जेसीबी एवं 02 लोडर की सहायता से 6900 ट्रॉली रेत का विनिष्टीकरण (₹1,58,00,000/-)
अनुभाग जौरा (देवगढ़ क्षेत्र) — 01 जेसीबी से लगभग 500 ट्रॉली (₹10,00,000/-)
अनुभाग सबलगढ़ (टेंटरा/बरोटा घाट) — 625 ट्रॉली (₹12,50,000/-)
अनुभाग अम्बाह (होलापुरा एवं नगरा घाट) — 170 ट्रॉली (₹3,40,000/-)
उक्त कार्रवाई वन, राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग के संयुक्त दल द्वारा प्रभावी रूप से संपादित की गई।
जिले में कुल 05 चम्बल घाटों पर की गई कार्रवाई में 8195 ट्रॉली अवैध रेत का विनिष्टीकरण किया गया, जिसका अनुमानित बाजार मूल्य ₹1,63,90,000/- (एक करोड़ तिरेसठ लाख नब्बे हजार रुपये) है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत खनन के विरुद्ध यह सख्त अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी,,,,,,,