सिद्धार्थनगर
जिले के भवानीगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दबंगों ने एक युवक को मुस्लिम समझकर उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया और उसके पास मौजूद करीब 2 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। बाद में युवक के हाथ में बंधा कलावा देखकर हमलावरों ने उसे छोड़ दिया।
घटना धनखरपुर चौराहे के पास की बताई जा रही है। घायल युवक बलरामपुर जनपद के गैसड़ी बुजुर्ग थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर बंजरहा गांव का निवासी है, जो अपनी बहन के घर असाधरपुर आया हुआ था। युवक बाइक से वापस लौट रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उसे रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।
घायल युवक का आरोप है कि प्रेम यादव और उसके चार साथियों ने पहले उसे मुस्लिम समझकर हमला किया। इसी दौरान एक आरोपी चाकू लेकर आया और उसकी कमर पर वार कर दिया। युवक के अनुसार, जब हमलावरों ने उसके हाथ में बंधा कलावा देखा तो कहा, “ये हिन्दू है, जाने दो।” इसके बाद आरोपी उसके पास मौजूद करीब 2 लाख रुपये छीनकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भवानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल युवक के भाई राम निवास मौर्या ने बताया कि उसका भाई बहन के घर आया हुआ था। रास्ते में आरोपियों ने हमला कर चाकूबाजी की और रुपये लूट लिए। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेंवा के इमरजेंसी वार्ड में तैनात डॉ. संजय पांडे ने बताया कि घायल युवक को पुलिस द्वारा अस्पताल लाया गया था। उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे, प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
शहजाद आलम जिला संवाददाता सिद्धार्थनगर