सिद्धार्थनगर
जिले के जोगिया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। विदाई के बाद घर लौट रही बारातियों की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकरा गई और फिर बिजली के पोल को तोड़ते हुए पुलिया में जा घुसी। हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत पांच लोग घायल हो गए, जबकि एक किशोरी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा जोगिया-पकड़ी मार्ग स्थित महदेवा तिवारी चौराहे के पास हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तत्काल मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक डुमरियागंज क्षेत्र से बारात सोहास इलाके के एक गांव में गई थी। शादी की सभी रस्में संपन्न होने के बाद विदाई कराकर परिवार के लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और यह बड़ा हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार एक किशोरी की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि अन्य घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। हादसे के बाद दोनों परिवारों में खुशी का माहौल चिंता और दुख में बदल गया है।