किशोर कुमार छत्तीसगढ़ स्टेट रिपोर्टर इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में महिला अधिवक्ता आराधना सिदार की हत्या के मामले को लेकर अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। आज वकीलों ने जिला न्यायालय परिसर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक जुलूस निकालकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल हुए और उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।
गौरतलब है कि करीब चार दिन पहले पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमीडीह में महिला की अर्धनग्न लाश बरामद हुई थी। शव की हालत ऐसी थी कि चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था, जिसके चलते पुलिस लगातार शिनाख्त का प्रयास कर रही थी। बुधवार को मृतका की बहन ने कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान अपनी बहन अधिवक्ता आराधना सिदार के रूप में की। मामले में मृतका की बहन ने भी न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।