राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।
जिले में गैस गोदामों में सिलेंडर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के फरार आरोपी को बिलहरी पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी के 9 गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा द्वारा जिले में गैस गोदामों में हुई चोरी की घटनाओं के फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती नेहा पच्चीसिया एवं थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही थी।
जानकारी के अनुसार 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात बिलहरी स्थित भारत गैस गोदाम से 44 गैस सिलेंडर चोरी हो गए थे। मामले में प्रार्थी की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 1 फरवरी को मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों सन्नी दाहिया, मंजू पटेल, सलोक कुशवाहा, रोहित यादव एवं संदीप काछी को गिरफ्तार कर चोरी के 24 सिलेंडर बरामद किए थे।
वहीं मामले में फरार चल रहे आरोपी करिया उर्फ रामकरण भूमिया पिता नरेश भूमिया उम्र 21 वर्ष निवासी छैघरा थाना कुठला की लगातार तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिलने पर बिलहरी पुलिस ने आरोपी को ग्राम छैघरा से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी के घर से 5 बड़े एवं 4 छोटे गैस सिलेंडर सहित कुल 9 सिलेंडर बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी कुठला निरीक्षक राजेंद्र मिश्रा, चौकी प्रभारी बिलहरी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक संतोष, प्रधान आरक्षक भरत विश्वकर्मा एवं आरक्षक दिलकेश्वर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस के अनुसार आरोपी गैस गोदामों में हुई तीन अलग-अलग चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है, जिनमें बिलहरी भारत गैस गोदाम, बड़वारा इंडेन गैस गोदाम एवं एनकेजे क्षेत्र की चोरी की वारदातें शामिल हैं।