शहजाद आलम जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर।
जनपद के विकास खंड उसका बाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत बिनैका में रविवार को जल जीवन मिशन के तहत निर्मित ‘बिनैका ग्राम पंचायत पेयजल योजना’ का भव्य जलार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डुमरियागंज सांसद Jagdambika Pal ने फीता काटकर एवं जलापूर्ति योजना का लोकार्पण कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी रही।
करीब 172.95 लाख रुपये की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से ग्राम पंचायत बिनैका के 583 घरों तक शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाया जाएगा। योजना से लगभग 2958 ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। लंबे समय से स्वच्छ पेयजल की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह योजना बड़ी राहत साबित होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है और यह योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, पूर्व जिलाध्यक्ष लालजी त्रिपाठी, जिला महामंत्री फतेह बहादुर, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह, अधिशासी अभियंता संजय जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सांसद ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पंप ऑपरेटरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
योजना के अंतर्गत 200 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी, 700 एलपीएम क्षमता का नलकूप, 15 एचपी मोटर पंप तथा 6.586 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है। बिजली बाधित होने की स्थिति में भी जलापूर्ति सुचारु रूप से जारी रखने के लिए 25 किलोवाट सोलर पैनल एवं 20 केवीए डीजी सेट की व्यवस्था की गई है।
उप्र जल निगम (ग्रामीण) के अधिकारियों के अनुसार योजना के संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी अगले 10 वर्षों तक संबंधित फर्म के पास रहेगी, जिससे ग्रामीणों को नियमित एवं गुणवत्तायुक्त पेयजल उपलब्ध कराया जाता रहेगा।