फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र में बुधवार को वहगुल नदी में दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्त के साथ घूमने गया एक युवक नदी पार करते समय गहरे कुंडे में समा गया। स्थानीय गोताखोरों और फायर ब्रिगेड की घंटों मशक्कत के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लग सका, जिसके बाद देर शाम एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
जानकारी के अनुसार गांव उनासी निवासी 30 वर्षीय अजय सोनकर अपने दोस्त रामभजन मौर्य निवासी मोहल्ला नौगमा के साथ ठिरिया खेतल के पास बह रही वहगुल नदी किनारे घूमने गया था। बताया जाता है कि दोनों ने नदी पार करने का फैसला किया। इसी दौरान अजय अचानक गहरे कुंडे में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद रामभजन ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के चलते वह सफल नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। गांव के तैराकों और गोताखोरों ने काफी देर तक नदी में युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार, राजस्व लेखपाल और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई।
काफी प्रयास के बाद भी युवक का पता नहीं चलने पर पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को बुलाया। देर शाम पहुंची एसडीआरएफ टीम आधुनिक उपकरणों के साथ नदी में युवक की तलाश में जुट गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली