फतेहगंज पश्चिमी।
थाना क्षेत्र के गांव ठिरिया खेतल निवासी एक युवक का शव शुक्रवार दोपहर पास के गांव उनासी के जंगल से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक एक दिन पहले मजदूरी के रुपये लेकर घर लौटते समय रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। शव के सिर पर चोट के निशान मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
गांव ठिरिया खेतल निवासी 28 वर्षीय राजेश प्रजापति हाईवे किनारे स्थित एक भट्ठे पर मजदूरी करता था। पिता सुमेरी लाल के अनुसार बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे राजेश मजदूरी के रुपये लेकर भट्ठे से निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो ग्रामीणों ने उसे गांव के ही एक युवक और पास के गांव उनासी के एक अन्य युवक के साथ देखे जाने की बात बताई।
शुक्रवार दोपहर सुमेरी लाल ने दोनों युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और मृतक के मोबाइल की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उनासी के जंगल में छापेमारी कर राजेश का शव बरामद कर लिया।
मृतक के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट का निशान मिला है। शव के पास से दो खाली शराब के पऊआ भी बरामद हुए हैं। वहीं मृतक की जेब से मजदूरी के 25 हजार 760 रुपये सुरक्षित मिले, जिन्हें पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया
घटना की खबर फैलते ही गांव में कोहराम मच गया। मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फील्ड यूनिट टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर अहम साक्ष्य जुटाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी उत्तरी मुकेश मिश्रा और सीओ हाईवे शिवम आशुतोष भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने और अधिकारियों के निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली