फतेहगंज पश्चिमी, बरेली।
मजदूरी का भुगतान लेने गए एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए युवक को उपचार दिलाने के बजाय उसके साथी खेत में छोड़कर फरार हो गए थे। इस खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
ग्राम ठिरिया खेतल निवासी सुम्मेरी लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनका पुत्र राजेश (29 वर्ष) मजदूरी के पैसे लेने के लिए गांव के ही दो युवकों के साथ गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। बाद में उसकी मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर मामले में गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नरेंद्र उर्फ नेता और राजीव उर्फ राजवीर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों युवक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का भुगतान लेने गए थे। वहां से लौटते समय उन्होंने विभिन्न स्थानों से शराब खरीदकर उसका सेवन किया। इसके बाद स्कूटी से रहपुरा जागीर की ओर जाते समय सामने से आ रहे मिक्सर ट्रक को बचाने के प्रयास में स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में राजेश के सिर में गंभीर चोट लग गई। आरोपी उसे पास के मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टर ने हालत गंभीर बताते हुए तत्काल किसी बड़े अस्पताल में ले जाने की सलाह दी। लेकिन आरोपियों ने उसे अस्पताल पहुंचाने के बजाय गांव उनासी के पास एक खेत में छोड़ दिया और परिजनों को भी घटना की सूचना नहीं दी।
थाना प्रभारी प्रवीन कुमार का कहना है कि जांच के दौरान आरोपियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मानवता को शर्मसार करने वाला पहलू
घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि गंभीर रूप से घायल युवक को समय पर अस्पताल पहुंचाने के बजाय उसके साथी उसे खेत में छोड़कर चले गए। यदि समय रहते इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। यही पहलू अब पूरे मामले को और अधिक संवेदनशील बना रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा होने पर क्षेत्रीय लोगों ने राहत जताई है, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली