लोकशन : बस्ती उत्तर प्रदेश।
उत्तर प्रदेश के बस्ती जनपद से एक बेहद संवेदनशील मामला सामने आया है, जहाँ दुबौलिया थाना क्षेत्र के डेईडीहा बुजुर्ग गांव में ग्राम समाज की भूमि के विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से लैस होकर एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव करने आई एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। पीड़ित परिवार का कहना है कि स्थानीय पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई है, जिसके बाद हताश होकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक (SP) बस्ती से न्याय की गुहार लगाई है। आइए देखते हैं हमारे तहसील संवाददाता धर्मेश अग्निहोत्री की यह रिपोर्ट।
दुबौलिया/बस्ती। बस्ती जनपद के दुबौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत डेईडीहा बुजुर्ग में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक बस्ती से लिखित शिकायत कर न्याय की मांग की है।
शिकायतकर्ता गौरव पुत्र ओमप्रकाश के अनुसार, उनके मकान के पीछे ग्राम समाज की भूमि स्थित है, जिसको लेकर पड़ोसी विश्वनाथ एवं उनके परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश के चलते बीती 26 मई 2026 को शाम करीब 4 बजे विश्वनाथ ने कथित रूप से गौरव के दूसरे मकान में ताला लगा दिया और गाली-गलौज करने लगा। गौरव का आरोप है कि जब उनकी मां चित्ररेखा ने इसका विरोध किया और डायल 112 पर सूचना दी, तो पुलिस के मौके पर पहुंचने के दौरान ही विश्वनाथ, आदर्श, दीक्षा, शिवानी, सुधा, हनुमान दास, अमित, संजय, विशाल और संतोष समेत कई अन्य लोगों ने कुल्हाड़ी, हॉकी और लाठी-डंडों से लैस होकर घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया।
इस बर्बरतापूर्वक मारपीट में चित्ररेखा के सिर में गंभीर चोटें आईं और उनका दायां हाथ टूट गया। बेहोशी की हालत में उन्हें 108 एम्बुलेंस से कलवारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया। हालत नाजुक होने के कारण उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है, जहां वह अब भी जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही हैं। पीड़ित गौरव का आरोप है कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया और आरोपियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। हालांकि, दुबौलिया थानाध्यक्ष ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। फिलहाल, पीड़ित पक्ष ने एसपी से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
तहसील संवाददाता बस्ती: धर्मेश अग्निहोत्री