फतेहगंज पश्चिमी।
खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सोमवार को ब्लॉक फतेहगंज पश्चिमी एवं मीरगंज की एएनएम के लिए नियमित टीकाकरण को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जीरो डोज (टीकाकरण से वंचित) बच्चों की पहचान कर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन जेएसआई संस्था द्वारा किया गया, जिसमें प्रशिक्षक के रूप में शिव महिमा ओझा और नूर उल निशा ने एएनएम को विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता सीएचसी प्रभारी डॉ. संचित शर्मा एवं डॉ. वैभव राठौर ने संयुक्त रूप से की।
प्रशिक्षण के दौरान जीरो डोज बच्चों की लाइन लिस्टिंग, माइक्रोप्लान को मजबूत बनाने तथा टीकाकरण कवरेज बढ़ाने की रणनीतियों पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे, इसके लिए फील्ड स्तर पर सटीक मॉनिटरिंग और प्रभावी योजना आवश्यक है।
इसके अलावा पोर्टल पर डेटा फीडिंग की गुणवत्ता सुधारने, त्रुटि रहित एंट्री और समयबद्ध रिपोर्टिंग पर भी बल दिया गया। एएनएम को अपने फील्ड कार्य एवं मासिक रिपोर्ट का स्व-मूल्यांकन करने की भी जानकारी दी गई, जिससे कार्य में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ सके।
सीएचसी प्रभारी डॉ. संचित शर्मा ने कहा कि सही डेटा प्रबंधन और जमीनी स्तर की निगरानी से ही टीकाकरण कार्यक्रम को 100 प्रतिशत लक्ष्य तक पहुंचाया जा सकता है।
प्रशिक्षण में दोनों ब्लॉकों की सभी एएनएम ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली