जनपद बांदा के थाना बदौसा के अंदर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली।
मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (SP) पलाश बंसल ने बताया कि 18 मई 2026 को बदौसा थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें बताया गया था कि एक 19 वर्षीय युवती को उसका ही एक परिचित पड़ोसी लड़का भगा ले गया है। पुलिस ने तत्काल सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
तकरीबन 25 दिनों की खोजबीन के बाद, 12 जून को पुलिस टीम ने युवती को सकुशल बरामद कर लिया और कानूनी कार्रवाई के लिए थाने लेकर आई। नियमानुसार, युवती के परिजनों को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद उसके माता-पिता थाने पहुंचे। थाने के भीतर जब परिजन युवती से बातचीत और काउंसलिंग कर रहे थे, तभी अचानक आवेश में आकर युवती के पिता ने पास रखे एक धारदार हथियार से उसके पेट पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
थाने के भीतर हुए इस अचानक हमले से वहां हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने खून से लथपथ युवती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरा संवर्धित कराया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने इलाज के दौरान युवती को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर अपनी हिरासत में ले लिया है। मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाही की जा रही है। इस ऑनर किलिंग की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मंडल ब्यूरो चीफ ताहिर अली बांदा से