बरेली आंवला।
आंवला के अलीगंज थाने में एक लेखपाल ने अभद्रता करने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लेखपाल सुभाष बाबू ने रविवार दोपहर दो बजे दी जानकारी। उन्होने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह ग्राम अलीगंज, तहसील आंवला में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं। बीते 11 जून को वे एसडीएम के आदेश पर गठित टीम के साथ तालाब की भूमि का सीमांकन कार्य कर रहे थे। टीम प्रभारी मुन्नालाल राजस्व निरीक्षक ने शिकायतकर्ताओं को भी मौके पर बुलाया था।
शिकायतकर्ताओं में से दो व्यक्तियों ने पहले लेखपाल मोहम्मद तनवीर का नाम पूछा और उनके साथ अभद्रता की। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया गया। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।
सीमांकन कार्य पूरा होने के बाद, वापस लौटते समय ऋतिक गुप्ता और हर्ष गुप्ता ने लेखपाल को फिर से रोका और गालियां दीं। उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि “हम जैसा चाहें वैसा काम करो, नहीं तो नौकरी नहीं करने देंगे।” इस दौरान उन्होंने सरकारी अभिलेख छीनने और मारपीट करने का भी प्रयास किया।
लेखपाल की शिकायत के आधार पर, पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली