*बरेली बना सिस्टोबॉल का सरताज, वाराणसी को 38-17 से हराकर जीता राज्य स्तरीय खिताब*
उड़ान ग्लोबल स्कूल में दो दिवसीय चैंपियनशिप का भव्य समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
फतेहगंज पश्चिमी। उड़ान ग्लोबल स्कूल में आयोजित प्रथम जूनियर एवं चतुर्थ सीनियर राज्य स्तरीय सिस्टोबॉल चैंपियनशिप का शानदार समापन हुआ। दो दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई टीमों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतिम दिन रोमांच, उत्साह और जोश अपने चरम पर रहा।
समापन समारोह में ज्योति कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट, बरेली के चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि तथा सेक्रेड हार्ट्स पब्लिक स्कूल, बरेली की डायरेक्टर राधा सिंह बेनीवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में छाया बरेली और वाराणसी का दबदबा
पुरुष वर्ग के पहले सेमीफाइनल में वाराणसी ने बदायूं को 26-20 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान बरेली ने गोरखपुर को 38-18 के बड़े अंतर से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट कटाया।
*महिला वर्ग में मथुरा बनी चैंपियन
*
महिला वर्ग के फाइनल में मथुरा और लखनऊ के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए मथुरा की टीम ने लखनऊ को 24-18 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
*फाइनल में बरेली का जलवा, वाराणसी को किया चारों खाने चित
*
पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला बरेली और वाराणसी के बीच खेला गया। दर्शकों से खचाखच भरे मैदान में खेले गए इस मुकाबले में बरेली की टीम शुरू से ही आक्रामक अंदाज में नजर आई। बेहतरीन तालमेल, तेज़ रणनीति और शानदार प्रदर्शन के दम पर बरेली ने वाराणसी को 38-17 के बड़े अंतर से हराकर राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के साथ ही खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
*खिलाड़ियों को किया सम्मानित*
समापन समारोह में सिस्टोबॉल एसोसिएशन बरेली के अध्यक्ष रिजवान अली अंसारी, अमित कुमार कौशिक, कोषाध्यक्ष मोहित पंत, उड़ान ग्लोबल स्कूल के एकेडमिक डायरेक्टर सुमित शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश सिस्टोबॉल एसोसिएशन के सचिव सुमित कुमार, संयुक्त सचिव निदोष शर्मा और कोषाध्यक्ष अमित मलिक ने सफल आयोजन के लिए उड़ान ग्लोबल स्कूल प्रबंधन एवं बरेली सिस्टोबॉल एसोसिएशन की सराहना की।
*खेल मानचित्र पर चमका फतेहगंज पश्चिमी*
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने फतेहगंज पश्चिमी को खेल जगत में नई पहचान दिलाई है। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था ने दर्शकों और खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया।
प्रवन पाण्डेय
इंडियन टीवी न्यूज़
जिला संवाददाता बरेली