11 वर्षीय शास्वत शौर्य तिवारी बने मझौवा मठ के नए महंत, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ अभिषेक
बलिया के रेवती बस स्टैंड स्थित मझौवा मठ, लक्ष्मी नारायण मंदिर में रविवार शाम 11 वर्षीय बालक शास्वत शौर्य तिवारी ने महंत की गद्दी संभाली। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका अभिषेक कार्यक्रम संपन्न हुआ।
शास्वत शौर्य का अभिषेक रामभद्राचार्य उर्फ बालक दास ने किया। महंत बनने के बाद संतों ने उनका नया नाम श्याम नारायण रामानुज श्री वैष्णोदास रखा। इससे पूर्व शास्वत शौर्य का उपनयन संस्कार हुआ और बालक दास उर्फ रामभद्राचार्य ने उन्हें गुरु दीक्षा प्रदान की।
बालक दास ने बताया कि शास्वत को महंत की गद्दी दी गई है, लेकिन कम उम्र के कारण वे अभी गुरु के सानिध्य में शिक्षा ग्रहण करेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मठ की परंपरा के अनुसार, महंत के गोलोकवासी होने पर उसी परिवार के बालब्रह्मचारी को ही गद्दी सौंपी जाती है। यह कार्यक्रम इसी परंपरा के तहत आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कदम चौराहा बलिया बड़ा मठिया के महंत रामउदार दास, छोटी मठिया के महंत सीतारामदास और काशी के महंत रामनारायण दास त्यागी उपस्थित रहे। पं. घनश्याम मिश्र, सुनील पाण्डेय शास्त्री, रविशंकर पाण्डेय और अवधेश पाण्डेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी संस्कार संपन्न कराए। श्रीश्री 1008 श्री विनय ब्रह्मचारी, बाबा महेंद्रनाथ मठ के महंत तारकेश्वर गिरि और त्यागी महाराज सहित भारी संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।