इंडियन टीवी न्यूज़
सुशील चौहान
सिवनी/कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री राहत योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक दुर्घटना पीड़ितों को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में जिले के निजी अस्पतालों के संचालकों एवं प्रबंधकों की बैठक आयोजित की गई।बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.पंकज दुबे ने की।बैठक में योजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण देते हुए संदीप सोनकेसरिया ने बताया कि प्रधानमंत्री राहत योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना सहित पात्र दुर्घटना मामलों में पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती होने पर सात दिनों तक अधिकतम ₹1.50 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है।उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 56 प्रकरणों में लगभग 2.20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर संबंधित अस्पतालों के खातों में जारी की जा चुकी है।वर्तमान में जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल सहित कई निजी अस्पताल इस योजना से संबद्ध हैं।बैठक में बताया गया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए दुर्घटना के 24 घंटे के भीतर मरीज का अस्पताल में भर्ती होना आवश्यक है।योजना की संपूर्ण प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित होती है।इस संबंध में अस्पताल प्रबंधकों को ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज अपलोड करने तथा दावा प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, ताकि पात्र मरीजों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।सीएमएचओ डॉ. पंकज दुबे ने सभी निजी अस्पतालों से अपील की कि प्रत्येक पात्र दुर्घटना पीड़ित को योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य दुर्घटना पीड़ितों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है इसलिए सभी अस्पतालों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।बैठक में डीआरएम शाखा प्रभारी अमोल शुक्ला ने ऐसे अस्पतालों, जो अभी तक योजना में पैनल में शामिल नहीं हुए हैं, उन्हें शीघ्र आवेदन कर पैनल में शामिल होने के निर्देश दिए।साथ ही प्रत्येक दुर्घटना प्रकरण में पात्र मरीजों का ऑनलाइन पंजीयन कर योजना का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।