सहारनपुर । वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जनपद के जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार, प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय देवेन्द्र सिंह ने सेंसन हाउस पर एक पेंड मां के नाम के तहत पौधारोपण किया गया।उसके उपरांत जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार, माननीय प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय देवेन्द्र सिंह, सिविल बार एसोसियेशन के अध्यक्ष राहुल त्यागी, प्रभागीय वनाधिकारी, श्रीमती चांदनी, अपर जिला जज मौ० अहमद खान, अपर जिला जज विकास गुप्ता, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती मिनाक्षी सिन्हा, उप प्रभागीय वनाधिकारी, डा० संवेदना चौहान सहित समस्त न्यायिक अधिकारीगण एवं समस्त सिविल कोर्ट स्टाफ द्वारा दीवानी न्यायालय परिसर में एक पेड़ मां के नाम थीम के तहत औषधीय एवं छायादार पौधे का रोपण किया। इस दौरान उन्होंने रोपे गए पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई और दीर्घकालिक संरक्षण की जिम्मेदारी लेने का संकल्प भी दोहराया। पौधरोपण कार्यक्रम के अवसर पर उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं और न्यायालय स्टाफ को संबोधित करते हुए जिला जज सतेंद्र कुमार ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। उन्होने यह भी कहा कि अपनी मां के सम्मान में लगाया गया एक पौधा न केवल हमारे पर्यावरण को स्वच्छ बनाएगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी एक सुरक्षित और हरित भविष्य प्रदान करेगा। उन्होंने न्यायिक परिवार के सभी सदस्यों और आम नागरिकों से अपील की कि वे इस महाअभियान का हिस्सा बनें और न केवल पेड़ लगाएं, बल्कि उनके जीवित रहने और बड़े होने तक उनका उचित संरक्षण भी सुनिश्चित करें। इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान समस्त न्यायिक अधिकारीगण, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिवक्ता और दीवानी न्यायालय के कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और परिसर को हरित व स्वच्छ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़