फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। उत्तर प्रदेश सरकार के “एक पेड़ मां के नाम” महाअभियान के अंतर्गत ग्राम चिटौली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय परिसर में रविवार को भाजपा नेता एवं भारतीय खेल संघ के राष्ट्रीय सदस्य जतिन चौहान ने वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में 10 छायादार एवं फलदार पौधे लगाकर छात्राओं और शिक्षकों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वृक्षारोपण कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका मीनाक्षी त्रिपाठी, अध्यापिका यासमीन बी, चौकीदार अरविंद कुमार सहित विद्यालय स्टाफ तथा छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
भाजपा नेता जतिन चौहान ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के दौर में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए और उनकी देखभाल भी करे। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ पर्यावरण और संतुलित जलवायु प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को हराभरा और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
प्रधानाध्यापिका मीनाक्षी त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय में वृक्षारोपण का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाना जितना आवश्यक है, उससे अधिक महत्वपूर्ण उनकी नियमित देखभाल करना है। छात्राएं यदि आज से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेंगी तो भविष्य में समाज को हरित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं ने पौधों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली