जिला ब्यूरो चीफ शिशिर शर्मा (सोनभद्र)
ओबरा,सोनभद्र। भारत सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करने तथा प्रत्येक नागरिक को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से देशभर में संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत दिनांक 12 जुलाई, 2026 को ओबरा तापीय परियोजना में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर संचालित इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मातृ सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। इसी क्रम में ओबरा तापीय परियोजना परिसर के विभिन्न स्थलों पर छायादार एवं फलदार प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक, ओबरा तापीय परियोजना, इं. दूधनाथ द्वारा पौधारोपण कर किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” केवल वृक्षारोपण का अभियान नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का दायित्व बनाने की एक राष्ट्रीय पहल है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अधिकाधिक पौधारोपण करने, लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करने तथा पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर महाप्रबंधक (सी) इं. एस. के. सिंघल, महाप्रबंधक (सिविल) इं. ए. के. राय, अधीक्षण अभियंतागण इं. मणि शंकर राय, इं. सुनील कुमार, इं. रमाकांत, इं. एस. सी. मिश्रा एवं इं. चंद्रमा प्रसाद, अधिशासी अभियंतागण इं. अंकुर सिंह, इं. विकास गौरव, इं. जामवंत प्रसाद, इं. सदानन्द यादव एवं इं. छतरपाल सिंह, सहायक अभियंता श्री अंकित कुमार सिंह तथा अवर अभियंतागण श्री अंकित कुमार एवं श्री दीपक सिंह सहित परियोजना के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का सामूहिक संकल्प भी लिया।कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण हेतु अधिकाधिक वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।