वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट। इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी। मंगलवार की मध्य रात्रि हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर गश्त और क्षेत्र चेकिंग के दौरान हरहुआ चौकी प्रभारी विवेकानंद त्रिवेदी को एक मूक-बधिर बालक अकेला घूमता हुआ मिला। देर रात बालक के सड़क पर भटकने को देखते हुए पुलिस ने उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
चौकी प्रभारी विवेकानंद त्रिवेदी अपने हमराहियों के साथ बालक को हरहुआ पुलिस चौकी लेकर पहुंचे, जहां उसे चाय-नाश्ता कराया गया और उसकी देखभाल की गई। इसके बाद पुलिस ने इशारों और अन्य माध्यमों से बालक का नाम, पता और परिजनों की जानकारी लेने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसके मूक-बधिर होने के कारण कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
फिलहाल पुलिस बालक की पहचान कराने और उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। यदि किसी व्यक्ति को इस बालक के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह हरहुआ पुलिस चौकी या बड़ागांव थाना से संपर्क कर सकता है, ताकि उसे सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।