बारिपदा, 3 अगस्त। ओडिशा के मयूरभंज जिले के बारिपदा शहर के वार्ड नंबर–3 स्थित शनि मंदिर के पास नवनिर्मित पुल का सोमवार को राज्य के आवास एवं शहरी विकास मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र ने उद्घाटन किया। लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही मांग पूरी होने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।इस स्थान पर पहले एक ढलान वाला और जर्जर पुल था, जिससे आवागमन के दौरान हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता था। विशेषकर बरसात के मौसम में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। नए पुल और मजबूत सड़क के निर्माण से इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद जताई जा रही है।यह पुल केवल वार्ड नंबर–3 के निवासियों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बारिपदा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। खासकर बाघड़ा रोड से भंजपुर क्षेत्र तक अब सीधा, सुरक्षित और सुगम संपर्क स्थापित हो गया है, जिससे लोगों की आवाजाही आसान होगी और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी काफी हद तक कम होगी।उद्घाटन समारोह में मंत्री डॉ. कृष्ण चंद्र महापात्र के साथ बारिपदा नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्णानंद महांति, उपाध्यक्ष सीमा दास, वार्ड नंबर–3 के पार्षद राज गुप्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने इस परियोजना को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
रिपोर्ट : हिमांशु शेखर प्रहराज, मयूरभंज।