मेजा खास स्थित रजवंती देवी यादव बालिका इंटर कॉलेज तक पहुंचने वाला मार्ग जर्जर होने के कारण छात्राओं को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क पर जलभराव, गड्ढों और कीचड़ के कारण छात्राएं फिसलकर गिर रही हैं, जिससे उनके चोटिल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
स्थलीय निरीक्षण के दौरान विद्यालय के प्रवेश मार्ग के ऊपर कई बिजली के तार काफी नीचे लटके हुए मिले। बरसात के मौसम में इन तारों से करंट फैलने की आशंका बनी रहती है, जिससे छात्राओं, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन में भय का माहौल है। वहीं सड़क पर बने गड्ढों से लोहे के सरिए बाहर निकले हुए हैं, जो कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
विद्यालय के प्रबंधक अमित कुमार यादव ने बताया कि इस समस्या की जानकारी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जगीलाल गुप्ता को मौखिक रूप से दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में हजारों छात्राएं अध्ययनरत हैं और खराब सड़क व असुरक्षित बिजली व्यवस्था के कारण उन्हें रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने जिला प्रशासन, बिजली विभाग और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, बाहर निकले लोहे के सरियों को हटाया जाए तथा लटक रहे बिजली के तारों को सुरक्षित कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
रिपोर्ट:हरिकेश मिश्रा रिपोर्टर, इंडियन न्यूज़ टीवी