रायरंगपुर, 9 अगस्त: रायरंगपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गत 7 अगस्त से आयोजित तीन दिवसीय राज्यस्तरीय 72वीं जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 का रविवार को उत्साह और उमंग के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में ओडिशा के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों जूनियर खिलाड़ियों ने दौड़, कूद और थ्रो सहित विभिन्न स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ओडिशा सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री इंजीनियर गणेश राम सिंहखुंटिया उपस्थित रहे। सम्मानित अतिथियों में पद्मश्री चरण हेम्ब्रम, सांसद नवचरण माझी, विधायक जलेन नायक, रायरंगपुर के अतिरिक्त जिलाधिकारी अजीत कुमार, मयूरभंज के अतिरिक्त जिलाधिकारी दुःखबंधु नायक, उपजिलाधिकारी उग्रसेन ओराम, आरक्षी अधीक्षक सुरेश चंद्र पात्र, अतिरिक्त आरक्षी अधीक्षक यदुनाथ जेना तथा ओडिशा ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष समीर कुमार महांति प्रमुख रूप से उपस्थित थे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता धाविका दुती चंद शामिल हुईं।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तथा नए रिकॉर्ड बनाने वाले खिलाड़ियों को समापन समारोह में पदक, ट्रॉफी और प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।बालक-18 जैवलिन थ्रो में बालेश्वर के सत्यरंजन नायक, बालक-20 जैवलिन में कटक के शुभम दास, बालिका-16 लॉन्ग जंप में जाजपुर की समीक्षा स्मरणिका, बालिका-18 जैवलिन में जाजपुर की आलोकीका स्वाईं, बालक-20 लॉन्ग जंप में सुंदरगढ़ के महेंद्र हांसदा, बालक-14 ट्रायथलॉन-ए में नबरंगपुर के प्रताप माझी, बालिका-14 ट्रायथलॉन-बी में राउरकेला स्टील प्लांट की वैभवी एस. तथा बालक-14 ट्रायथलॉन-बी में क्योंझर के श्रीलाल सिंकु ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।इसी तरह बालिका-18 की 3,000 मीटर वॉक में झारसुगुड़ा की चंचल कुमारी, बालिका-18 की 1000 मीटर दौड़ में भद्रक की शून्यशक्ता बारिक, बालिका-18 की 100 मीटर हर्डल्स में जाजपुर की दीप्तिमयी दास, बालक-16 की 60 मीटर दौड़ में केंद्रापड़ा के श्रेयाश महांति, बालक-20 शॉटपुट में कटक के ओंकार प्रसाद नंद, बालक-18 हेप्टाथलॉन में मयूरभंज के बनमाली सिंह तथा बालक-18 हाई जंप में जगतसिंहपुर के स्वतंत्र बेहरा ने सफलता हासिल की।टीम स्पर्धाओं में जाजपुर ने बालक-14, बालिका-16 और बालिका-18 वर्ग में चैंपियन का खिताब हासिल किया। वहीं क्योंझर ने बालक-16, कोरापुट ने बालक-18, कीट्स ने बालिका-20 तथा कटक ने बालक-20 वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में कटक ओवरऑल चैंपियन बना, जबकि जाजपुर को रनर्स-अप घोषित किया गया।समापन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करता, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं से जूनियर खिलाड़ियों में नया उत्साह पैदा होता है और भविष्य में राज्य तथा देश के लिए उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं को तैयार करने में मदद मिलती है।आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खेल विभाग, ओडिशा एथलेटिक्स संघ, निर्णायक मंडल, प्रशिक्षकों, स्वयंसेवकों एवं अन्य सहयोगियों के प्रति आयोजक की ओर से विजय दास ने आभार व्यक्त किया। अंत में खेल ध्वज उतारकर 72वीं जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता-2026 के समापन की औपचारिक घोषणा की गई।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज की रिपोर्ट।