बाल्हेमऊ ऐहार। वारसी जामा मस्जिद बाल्हेमऊ ऐहार में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर मिलाद शरीफ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने शिरकत की।
मस्जिद के पेश इमाम हाफिज अब्दुल हफीज वारसी सातनपुरी ने पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब की शान और उनकी शिक्षाओं पर रोशनी डालते हुए कहा कि पैगम्बर-ए-इस्लाम ने हमेशा इंसानियत, भाईचारे, प्रेम और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब के बताए नेक रास्ते और उनके नक्शे-कदम पर चलने की अपील की।
इस दौरान हाफिज समीम साहब एवं हाफिज मुस्ताक साहब ने पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब की शान में नात के अशआर पेश किए। वहीं हाफिज व कारी अब्दुल जलील कादरी ने पैगम्बर हजरत मुहम्मद साहब की शान में खूबसूरत बयान पेश किया।
मिलाद शरीफ के मुकम्मल होने के बाद उपस्थित लोगों को लंगर खिलाया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और लोगों ने आपसी भाईचारे, इंसानियत व सद्भावना का संदेश दिया।