आंवला बरेली/मृत गोवंश को दफनाने में लापरवाही पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने मझगवां ब्लॉक पर धरना देकर किया जोरदार प्रदर्शन, भविष्य में लापरवाही न होने के आश्वासन पर हुआ धरना समाप्त
आंवला मझगवां ब्लॉक के रघुवीरपुर में मृत गोवंश के निस्तारण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मृत गोवंश को ब्लॉक परिसर में रखकर धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे तहसील स्तरीय अधिकारियों से काफी देर की वार्ता के बाद भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न होने के आश्वासन पर धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ।
बजरंग दल के जिला सहसंयोजक शिवांश शर्मा ने बताया की रघुवीरपुर गांव में एक गोवंश की मौत हो गई थी। कार्यकर्ताओं को तीन दिन से नंदी के मृत पड़े होने की सूचना मिल रही थी। ग्राम प्रधान को सूचना दी गई लेकिन ग्राम प्रधान ने ध्यान नहीं दिया बल्कि उल्टा यह कह दिया कि जिसके घर के आगे गोवंश मरा पड़ा है वही उसको दफन करायेंगे। आरोप है कि खंड विकास अधिकारी भगवान दास को कार्यकर्ताओं ने फोन किया तो उन्होंने बिना पूरी बात सुन फोन काट दिया और दोबारा कॉल रिसीव नहीं की। नाराज़ कार्यकर्ता ट्रैक्टर ट्राली में रखकर मृत गोवंश को मझगवां ब्लॉक परिसर ले आए ब्लॉक परिसर में ट्रैक्टर ट्राली खड़ी कर ब्लॉक गेट पर धरना शुरू कर दिया। एडीओ पंचायत अभय आर्य मौके पर पहुंचे कार्यकर्ताओं को समझने का प्रयास किया लेकिन कार्यकर्ताओं ने खंड विकास अधिकारी भगवान दास को मौके पर बुलाने की मांग की। इसी बीच एसडीएम आंवला सुशील कुमार मिश्रा, सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय, सप्लाई इंस्पेक्टर शिखा पांडे, तहसीलदार अतुल सेन सिंह व बीडियो भगवान दास भी ब्लॉक परिसर पहुंचे। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी आश्वासन दिया। इसके बाद मृत नंदी को ब्लॉक परिसर से बाहर ले जाया गया और गड्ढा खोदकर दफन करा दिया गया। शिवांश शर्मा ने कहा की घायल या मृत गोवंश की सूचना मिलने पर बजरंग दल कार्यकर्ता 24 घंटे सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वार समय पर सुनवाई नहीं होने के कारण कार्यकर्ताओं को इस तरह के कदम उठाने पड़ते हैं।
धरना प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के प्रखंड उपाध्यक्ष विकास शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर, नगर गौरक्षक अमन गुप्ता, खंड अध्यक्ष संजय यादव, छोटा गुजर, संजय यादव, संजीव राजपूत, अंशु, अजय सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।इस बाबत एसडीएम आंवला सुशील कुमार मिश्रा ने बताया कि लोहारी ग्राम पंचायत के मजरा रघुवीरपुर में नंदी की मृत्यु की सूचना पर उसे जेसीबी से दफनाने की तैयारी की जा रही थी। जेसीबी पहुंचने में कुछ देरी हुई इसी बीच बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और असंतोष जताया। ब्लाक अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच गलतफहमी थी जिसे मौके पर पहुंच कर बातचीत के माध्यम से दूर कर दिया गया। प्रशासन गौ संरक्षण के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
प्रवीन कुमार सक्सेना तहसील रिपोर्टर आंवला बरेली