बारीपदा, 15/9: उत्तर ओडिशा के सबसे बड़े एवं लोकप्रिय गणेश पूजा पंडालों में शामिल बारीपदा के तुलसी चौरा में गणेश पूजा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बना हुआ है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी फ्रेंड्स यूनियन की ओर से यहां अनोखे अंदाज में विशाल गणेश प्रतिमा एवं आकर्षक तोरण का निर्माण किया गया है।इस वर्ष गणेश पूजा पंडाल का मुख्य आकर्षण करीब 100 किलोग्राम नारियल की रस्सी से निर्मित आकर्षक गणेश प्रतिमा है। हर वर्ष नई कला-कौशल एवं रचनात्मकता के साथ फ्रेंड्स यूनियन की ओर से गणेश प्रतिमा और तोरण तैयार किए जाते हैं, जिसके कारण यह पूजा पंडाल श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहता है।यहां महाराष्ट्र की पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार गणेश पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतिदिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होने के कारण श्रद्धालुओं और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।गणेश पूजा के अवसर पर तुलसी चौरा मैदान में विशाल मेले का भी आयोजन किया गया है। मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, खाद्य सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खिलौने तथा मनोरंजन से जुड़े सामानों के स्टॉल लगाए गए हैं। पूजा मंडप में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, वहीं मेले को लेकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी में उत्साह देखने को मिल रहा है।बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए पूजा मंडप एवं मेला परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा अग्निशमन विभाग की व्यवस्था तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मेला परिसर के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।हर वर्ष यह गणेश पूजा एवं मेला शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं भाईचारे के माहौल में आयोजित होता आया है। इस वर्ष भी पूजा को सुचारू रूप से संपन्न कराने तथा श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए इसे यादगार उत्सव बनाने के उद्देश्य से फ्रेंड्स यूनियन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।