बारीपदा नगरपालिका क्षेत्र के पालबणी में बारीपदा नगरपालिका पट्टा विहीन बस्तीवासी संघ की कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की बस्तियों में रहने वाले लोगों को स्थायी पट्टा प्रदान करने में हो रही देरी को लेकर नाराजगी व्यक्त की गई।संघ के अध्यक्ष नंद कुमार महापात्र की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि आवश्यक हुआ तो संघ अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करेगा।जानकारी के अनुसार, बारीपदा नगरपालिका क्षेत्र में कुल 53 बस्तियां हैं, जहां लगभग 19 हजार परिवार निवास करते हैं। इनमें से पूर्व सरकार के कार्यकाल में करीब 3 हजार परिवारों को पट्टा, 3 हजार परिवारों को जमीन अधिकार प्रमाण पत्र (एलईसी) तथा करीब 4 हजार परिवारों को जमीन पाने की पात्रता प्रमाण पत्र एवं एलईसी प्रदान किया गया है।संघ का कहना है कि अभी भी बड़ी संख्या में परिवार पट्टे से वंचित हैं। कई परिवारों के घरों का सर्वे नहीं हुआ है, जबकि कुछ परिवारों का सर्वे होने के बावजूद सूची तैयार नहीं की गई है। संघ ने सभी पात्र हितग्राहियों को प्रक्रिया में शामिल करने तथा आवश्यकतानुसार जंगल किस्म की जमीन का किस्म परिवर्तन कर पट्टा प्रदान करने की मांग की है।संघ ने यह भी सवाल उठाया कि जंगल किस्म की जमीन पर रहने वाले कुछ अनुसूचित एवं गैर-अनुसूचित वर्ग के लोगों को जमीन अधिकार प्रमाण पत्र दिया गया है, तो इसी आधार पर अन्य पात्र परिवारों को भी जमीन अधिकार प्रमाण पत्र क्यों नहीं दिया जा सकता।बैठक में संघ के महासचिव कान्हु चरण बेहरा, सलाहकार गोबिंदु, कोषाध्यक्ष भारती पात्र, सह-संपादक काशीनाथ महाना, अमल दे, महेश्वर बेहरा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।