वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर सुकृत के चहलवा इलाके में हुआ हादसा, पुलिस ने शव मोर्चरी भेजे
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत चौकी अंतर्गत चहलवा इलाके में मंगलवार तड़के करीब तीन बजे वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में पिकअप चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को वाहन से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि पिकअप हाईवे से गुजर रही थी। चहलवा क्षेत्र में किसी कारणवश सड़क किनारे खड़े ट्रक में पिकअप पीछे से जा भिड़ी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सुकृत पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पिकअप में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला और तत्काल सीएचसी मधुपुर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम समेत अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों की पहचान सद्दाम (32) पुत्र वसीम निवासी खतौली थाना दुद्धी और रविंद्र (27) पुत्र अमरजीत निवासी कादल थाना दुद्धी के रूप में हुई है। सद्दाम पिकअप चला रहा था, जबकि रविंद्र खलासी था। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी है।