सलोन, रायबरेली। नगर पंचायत सलोन अध्यक्ष पद के उपचुनाव में नामांकन के साथ ही चुनावी तस्वीर तेजी से बदलने लगी है। बुधवार को कांग्रेस ने तनवीर अहमद को अपना प्रत्याशी घोषित करते हुए चुनाव मैदान में उतारा। तनवीर अहमद ने कांग्रेस के सिंबल पर दो सेटों में नामांकन पत्र दाखिल किया। वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर सुनील कुमार साहू और उनकी पत्नी कंचन साहू ने भी एक-एक सेट में नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान बुधवार को तीन प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। इससे पहले एक प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल कर चुका है। इस तरह अब तक कुल चार प्रत्याशी नामांकन पत्र दाखिल कर चुके हैं। हालांकि नामांकन पत्र खरीदने वाले दावेदारों की संख्या इससे कहीं अधिक है। अब तक 19 उम्मीदवारों द्वारा कुल 28 सेट नामांकन पत्र खरीदे जा चुके हैं।एआरओ अखिलेश पांडे के मुताबिक बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी तनवीर अहमद तथा निर्दलीय प्रत्याशी सुनील कुमार और कंचन देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।