सोनभद्र। वाराणसी खण्ड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें मतदेय स्थलों के भौतिक सत्यापन, सहायक मतदेय स्थल बनाने और पूर्व अधिसूचित मतदेय स्थलों के नामों में संशोधन पर चर्चा के बाद आम सहमति बनी।
बैठक में बताया गया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के दो मतदेय स्थलों पर 1400 से अधिक मतदाता हैं। इसलिए वहां एक-एक सहायक मतदेय स्थल प्रस्तावित किया गया है। मतदेय स्थल संख्या-250 (राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज, कक्ष 5) के साथ 250 अ (कक्ष-4) तथा मतदेय स्थल संख्या 258 (विकास खंड कार्यालय दुद्धी कक्ष-1) के साथ 258-अ (कक्ष-3) बनाए जाएंगे।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में किसी भी मतदेय स्थल पर 1400 से अधिक मतदाता नहीं होने के कारण वहां किसी सहायक मतदेय स्थल की आवश्यकता नहीं पाई गई।
बैठक में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के तीन तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के दो मतदेय स्थलों के नामों में संशोधन का प्रस्ताव रखा गया, जिस पर सभी दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई। संशोधित प्रस्ताव के अनुसार जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 16 मतदान केन्द्रों पर कुल 21 मतदेय स्थल और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 मतदान केन्द्रों पर कुल 13 मतदेय स्थल स्थापित होंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कर कक्ष, पेयजल, प्रकाश, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 16,386 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 1,543 मतदाता दर्ज हैं। पात्र मतदाता 29 सितम्बर 2026 तक फार्म-18 एवं फार्म-19 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
बैठक में विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे और सभी ने प्रस्ताव पर आम सहमति जताई।