फतेहगंज पश्चिमी।
बरेली-मुरादाबाद नेशनल हाईवे स्थित उनासी चौराहे पर एक होटल में घुसकर ग्राहक से मारपीट करने और उसे कार में डालकर ले जाने के आरोप में पुलिस ने दो नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार कर्मचारी नगर निवासी हरिशंकर श्रीवास्तव पिछले पांच माह से उनासी चौराहे पर श्री कृष्णा कैफे एंड रेस्टोरेंट का संचालन कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि होटल शुरू करने के बाद से ही आसपास के कुछ होटल संचालक उनसे रंजिश रखने लगे हैं और उन्हें बाहरी व्यक्ति बताकर परेशान किया जाता है।
शिकायत के मुताबिक 16 सितंबर की शाम करीब पांच बजे साहूकारा निवासी एक व्यक्ति उनके होटल पर चाय पीने आया था। इसी दौरान पड़ोस के होटल से जुड़े कुछ लोग 15 से 20 अज्ञात व्यक्तियों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने होटल में मौजूद ग्राहक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और बाद में उसे जबरन कार में डालकर अपने साथ ले गए।
होटल संचालक का दावा है कि पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि घटना के बाद से वह और उनका स्टाफ भय के माहौल में काम कर रहे हैं।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।