एसडीएम ने पुलिस सुरक्षा में खाद बंटवाने का किया प्रयास, किसानों ने लगाए मनमानी और भेदभाव के आरोप
रामजी तिवारी मड़ावरा ललितपुर
महरौनी, ललितपुर।
महरौनी ग्रामीण सहकारी समिति पर खाद उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। बुधवार को समिति पर खाद की रैक उतरने के बाद गुरुवार को वितरण किया जाना था, लेकिन सुबह से ही किसानों की भारी भीड़ और हंगामे के चलते खाद वितरण नहीं हो सका।
स्थिति को देखते हुए उपजिलाधिकारी रजनीश बाजपेई मौके पर पहुंचे और पुलिस बल की मौजूदगी में खाद वितरण कराने का प्रयास किया, लेकिन किसानों के हंगामे के कारण वितरण शुरू नहीं हो पाया। अंततः अधिकारियों के निर्देश पर कर्मचारियों ने खाद वितरण अगले दिन तक के लिए स्थगित कर दिया।
कर्मचारियों पर लगाए मनमानी के आरोप
खाद नहीं मिलने से परेशान किसानों ने समिति के कर्मचारियों पर मनमानी और नियम विरुद्ध खाद वितरण व खाद को ब्लैक करने के आरोप लगाए। किसानों का कहना है कि समिति के कर्मचारियों द्वारा कथित तौर पर नेताओं और रसूखदार लोगों को चोरी-छिपे खाद उपलब्ध करा दी जाती है, जबकि कई किसानों का पैसा चेक और नकद के माध्यम से हफ्तों पहले जमा है। इसके बावजूद उन्हें खाद नहीं मिल रही है।
बोनी का समय निकलने से किसान परेशान
किसानों ने बताया कि बोनी का समय लगातार निकलता जा रहा है, लेकिन खाद के अभाव में खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। किसानों का आरोप है कि जिन लोगों के पैसे और जरूरी दस्तावेज पहले से जमा हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर खाद देने के बजाय दूसरे लोगों को खाद वितरित की जा रही है। इसी नाराजगी के चलते गुरुवार को समिति परिसर में किसानों ने हंगामा किया।
एसडीएम से नियमबद्ध वितरण की मांग
मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी रजनीश बाजपेई से किसानों ने मांग की है कि समिति में खाद का वितरण पारदर्शी और नियमबद्ध तरीके से कराया जाए तथा जिन किसानों का पैसा और दस्तावेज पहले से जमा हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय पर बुवाई हो सके।
