सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवनिर्वाचित विधान पार्षद (MLC) डॉ. राहुल राज ने शिक्षकों की लंबित मांगों एवं विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर सांसद राजीव प्रताप रूडी के साथ बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं माननीय सांसद राजीव प्रताप रूडी ने डॉ. राहुल राज को नवनिर्वाचित विधान पार्षद बनने तथा इस ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं दी। इस मुलाकात के दौरान डॉ. राहुल राज ने मुख्यमंत्री एवं सांसद का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए शिक्षकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, उनके अधिकारों, सम्मान, सेवा-सुरक्षा एवं वर्षों से लंबित मांगों को प्रमुखता और पूरी मजबूती के साथ उनके समक्ष रखा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि प्रदेश के शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उनके अधिकारों, आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक सेवा-शर्तों की अनदेखी किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। वर्षों से लंबित शिक्षक समस्याओं का अब समयबद्ध एवं ठोस समाधान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षकों की जायज मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का सकारात्मक आश्वासन दिया। निर्वाचन परिणाम के चंद दिनों के बाद से ही शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर उनकी सक्रियता यह संकेत देती है कि शिक्षकों की आवाज को सदन से लेकर सरकार के सर्वोच्च स्तर तक मजबूती से पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। डॉ. राहुल राज की इस पहल से सारण सहित पांचों जिलों के शिक्षक समुदाय में उम्मीद की नई किरण जगी है। शिक्षकों को विश्वास है कि वर्षों से लंबित उनकी मांगों को अब प्रभावी राजनीतिक प्रतिनिधित्व और सरकार के सकारात्मक सहयोग से समाधान की दिशा मिलेगी। डॉ. राहुल राज ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि शिक्षकों का सम्मान, उनका अधिकार और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिक्षकों की आवाज को केवल सदन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि हर उस मंच पर उठाया जाएगा, जहां से उनके हित में ठोस निर्णय संभव हो सके।।
