इंडियन टीवी न्यूज नेशनल छत्तीसगढ़ स्टेट हेड रिपोर्टर किशोर कुमार
नई दिल्ली/रायपुर।
महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के प्रमुख प्रमोटर और कथित मास्टरमाइंड सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया है। CBI की विशेष टीम उसे मस्कट से लेकर भारत पहुंची है। इस कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हुई कार्रवाई
सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। इसके बाद ओमान में उसे हिरासत में लिया गया था। भारतीय जांच एजेंसियों द्वारा प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी किए जाने और ओमान की मंजूरी मिलने के बाद CBI की विशेष टीम मस्कट पहुंची और उसे भारत लेकर आई।
मेडिकल परीक्षण के बाद रायपुर लाया जाएगा
अधिकारियों के अनुसार, भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उसे छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर लाया जाएगा। सोमवार, 2 नवंबर को उसे रायपुर की CBI की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
दो CBI और एक ED मामले में है वांछित
सौरभ चंद्राकर दो CBI मामलों में वांछित है, जिनमें जांच एजेंसी पहले ही आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है। इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय (ED) के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की गई है।
देशभर में फैला था सट्टेबाजी का नेटवर्क
जांच एजेंसियों के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश सहित विभिन्न खेलों और आयोजनों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी संचालित की जाती थी। यह नेटवर्क फ्रेंचाइजी पैनल और शाखाओं के माध्यम से काम करता था। जांच में अवैध कमाई को विभिन्न बैंक खातों और हवाला माध्यमों से इधर-उधर भेजे जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
बताया गया कि छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर CBI ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी।
अब रायपुर की अदालत में होगी अगली कार्रवाई
सौरभ चंद्राकर को भारत लाए जाने के बाद अब पूरे मामले की निगाहें रायपुर की CBI विशेष अदालत पर टिकी हैं। सोमवार को होने वाली पेशी में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच की दिशा महत्वपूर्ण रहेगी।
