दुद्धी (सोनभद्र)। ब्लॉक संसाधन केंद्र पर मंगलवार को तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण के द्वितीय चरण का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षक राजकुमार रुहेला एवं संतोष सिंह ने उपस्थित 30 सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को जनगणना से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की अवधारणा, मकान सूचीकरण, ईबी लेआउट (एन्यूमरेशन ब्लॉक लेआउट), नजरी नक्शा तैयार करने तथा मकानों एवं परिवारों से संबंधित सूचनाओं के संकलन की प्रक्रिया समझाई गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जिम्मेदारी वाला कार्य है। इसमें प्रत्येक परिवार और मकान से संबंधित जानकारी का सही एवं व्यवस्थित तरीके से संकलन किया जाना आवश्यक है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, अभिलेखों के रखरखाव और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य संपादित करने के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही प्रशिक्षण में बताई गई तकनीकी जानकारियों को गंभीरता से समझने और क्षेत्र में कार्य करते समय उनका पालन करने पर जोर दिया गया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के माध्यम से सुपरवाइजरों एवं प्रगणकों को जनगणना कार्य के लिए दक्ष बनाने का प्रयास किया।
