दुद्धी (सोनभद्र)। म्योरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुशमाहा गांव में बुधवार सुबह घर के बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में एक 22 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुंदन लगभग 22 वर्ष पुत्र ओम प्रकाश निवासी ग्राम कुशमाहा थाना म्योरपुर , रोज की तरह रात में खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने गया था। लेकिन जब सुबह परिजन उठे, तो वह अपने कमरे में नहीं मिला। जब उन्होंने तलाश की, तो उसका शव घर के बरामदे में नायलॉन की रस्सी के सहारे फंदे से लटकता हुआ मिला।
सुबह-सुबह हुई इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही म्योरपुर थाने की पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और आवश्यक पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी भेज दिया।
फिलहाल युवक के मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच पड़ताल में जुटी है । पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का खुलासा हो सकेगा
