दल्लीराजहरा में जुए के दो फड़ों पर पुलिस की दबिश, आठ आरोपी गिरफ्तार; 4,450 रुपये और ताश पत्ती जब्त
बालोद, 5 नवंबर 2026। दल्लीराजहरा पुलिस ने जुआ-सट्टा के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेडी ऑफिस के पास अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आठ जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में आरोपियों के कब्जे और जुआ फड़ से कुल 4,450 रुपये नकद तथा 52 पत्ती ताश जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर की शाम पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि जेडी ऑफिस राजहरा के पास अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दोनों स्थानों पर रेड कार्रवाई की। पहले फड़ से चार आरोपियों के कब्जे से 2,100 रुपये और 52 पत्ती ताश जब्त की गई। वहीं दूसरे फड़ से चार आरोपियों के पास से 2,350 रुपये नकद बरामद हुए।
पहले प्रकरण में लक्ष्मीनारायण उर्फ पिंटू सोनी (38), गोलू उर्फ पिंटू चिकवा (33), उपेंद्र कुमार उर्फ रिंकू (28) और संतोष चिकवा (38) को गिरफ्तार किया गया। दूसरे प्रकरण में राजा वर्मा (20), सोनू ठगेल (30), पिंटू खसवा (28) और मनीष निषाद (26) को पकड़ा गया। सभी आरोपी दल्लीराजहरा के वार्ड क्रमांक 24, 25 और 26 के निवासी हैं।
पुलिस ने दोनों प्रकरणों में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण चौहान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा सीएसपी दल्लीराजहरा विकास पाटले के मार्गदर्शन में की गई।
दल्लीराजहरा पुलिस ने नागरिकों से अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, गांजा और नशीली दवाओं के कारोबार जैसी गतिविधियों से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


